नोएडा, 17 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद गाैतमबुद्धनगर नोएडा के विभिन्न जगहों पर बीते 24 घंटे के अंदर हुए विभिन्न सड़क हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि थाना फेस -दो थाना क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में चांद (26 ) पुत्र यामीन मूल निवासी जनपद बुलंदशहर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में संगीता (35 ) पत्नी उत्तम प्रसाद निवासी ग्राम हैबतपुर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में रतीश कुमार झा (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र में गुरुवार की देर रात हुए एक सड़क हादसे में पप्पन (47 ) गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र में गुरुवार की देर रात हुए एक सड़क हादसे में कविता (28 ) पत्नी खजान सिंह की मौत हो गई है।
वहीं थाना फेस- वन क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में संदीप शर्मा (35 ) की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र में बीती रात को हुए एक अन्य सड़क हादसे में लोकेश (40) की मौत हो गई है।
