up-hamirpur-farmer-treat-bank

कर्ज की किस्त न चुकाने पर बैंक ने जब्त किया हार्वेस्टर, किसान ने दी परिवार सहित जहर खाने की धमकी

उत्तर प्रदेश

हमीरपुर, 17 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में छह महीने से बैंक कर्ज की किस्त जमा न होने पर बैंक द्वारा हार्वेस्टर जब्त किए जाने से आहत किसान पत्नी और बेटे के साथ बैंक पहुंच गया। हार्वेस्टर वापस न मिलने पर किसान ने परिवार सहित जहर खाकर जान देने की धमकी दी। इससे बैंक में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसान को समझा-बुझाकर शांत कराया।

जरिया थाना क्षेत्र के कछवाकला गांव निवासी लाल सिंह ने दो साल पहले हार्वेस्टर खरीदने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की गल्ला मंडी शाखा से 29 लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसके लिए जमीन और 70 ग्राम सोना जमानत के तौर पर रखा था। बैंक के अनुसार, पिछले छह माह से किस्त जमा नहीं होने पर करीब 70 हजार रुपये बकाया हो गए थे। दो दिन पहले बैंककर्मी हार्वेस्टर जब्त कर ले गए थे। जिसके बाद लाल सिंह पत्नी और बेटे के साथ बैंक पहुंचे और हार्वेस्टर वापस न मिलने पर जहर खाकर जान देने की धमकी देने लगे। पुलिस ने किस्त जमा करने पर हार्वेस्टर वापस दिलाने की बात कहकर उन्हें शांत कराया। शाखा प्रबंधक मनवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि किसान को कई बार नोटिस दिए गए। किस्त जमा नहीं की गई। इसके बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है।