रुड़की, 17 अक्टूबर । सरकारी धन के इस्तेमाल में कथित अनियमितता पर पंचायती राज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने लक्सर विकासखंड में तैनात ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुशील सती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आरोप है कि चार ग्राम पंचायतों के लिए आवंटित अनुदान की पहली किस्त से कुल 26.06 लाख रुपये नियम विरुद्ध निकाले गए।
ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) अपलोड किए बिना धनराशि आहरित करने का आरोप है।
निलंबन आदेश के अनुसार अकबरपुर ऊद से 6.66 लाख, दरगाहपुर से 9.45 लाख, मुंडाखेड़ा कलां से 9.44 लाख और नेतवाला सैदाबाद से 0.51 लाख रुपये निकाले गए। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर आवंटित अनुदान की पहली किस्त से निकाली गई थी।
आदेश में कहा गया है कि सहायक विकास अधिकारी पंचायत, लक्सर ने 22 अगस्त 2026 को सुशील सती से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन जवाब नहीं दिया गया। इसे अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया है।
डीपीआरओ ने बताया कि आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा और जांच में वित्तीय अभिलेखों की पड़ताल होगी। निलंबन अवधि में सुशील सती को खंड विकास अधिकारी बहादराबाद कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
