uk-ravidas-vishwa-mahapith

शिरोमणि गुरु रविदास महापीठ ने कांग्रेस पर लगाया दलित विरोधी राजनीति का आरोप

उत्तराखण्ड

हरिद्वार, 17 अक्टूबर । शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने कांग्रेस पर दलित विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया है। यहां प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।

सुरजीत सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में एसआईटी जांच के बाद सीबीआई जांच की मांग और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े तथ्य सामने रखे जा चुके हैं। दिल्ली हाईकोर्ट से दुष्यंत कुमार गौतम को राहत मिली है और सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित दुष्प्रचार सामग्री को हटाने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बना रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के माता-पिता को राजनीतिक लाभ के लिए मोहरा बना रही है। अंकिता पूरे देश की बेटी थी और उसे न्याय मिलना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन किसी परिवार की पीड़ा को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

सुरजीत सिंह ने कहा कि यदि वीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। महापीठ भी वास्तविक दोषियों की पहचान और न्याय प्रक्रिया में सहयोग के लिए तैयार है। जांच में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम सामने नहीं आने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मामले को राजनीतिक रूप न देने की अपील की। कहा कि दुष्यंत कुमार गौतम लंबे समय से समाज सेवा में सक्रिय हैं, ऐसे में उन पर आरोप तथ्यों के आधार पर ही होने चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दलित समाज के किसी व्यक्ति को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया तो महापीठ देशभर में विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर आगामी चुनावों में भी इस मुद्दे को उठाएगी।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रो. धर्मेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष देशराज कपिल, उत्तराखंड प्रभारी अशोक भारती, पूर्व राज्य मंत्री सुबोध राकेश आदि मौजूद रहे।