हरिद्वार, 07 नवंबर । त्योहारी सीजन में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में विभिन्न अनियमितताओं पर 45 चालान किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने अभियान चलाया। इस दौरान ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा सहित यात्री वाहनों की जांच की गई। ओवरलोडिंग, अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की गई। उन्हें चेतावनी दी गई कि त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या का फायदा उठाकर मनमाना किराया न वसूलें। निर्धारित यात्री क्षमता और परमिट शर्तों का पालन करने के साथ यात्रियों से शालीन व्यवहार और सुरक्षित वाहन संचालन सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई चालक निर्धारित दर से अधिक किराया मांगता है तो वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखते हुए विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
