uk-bjp-doval-remarks-minister

डोभाल पर राहुल की टिप्पणी उत्तराखंड के स्वाभिमान पर हमला : गणेश जोशी

उत्तराखण्ड

देहरादून, 12 अक्टूबर । कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता गणेश जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए इसे उत्तराखंड के स्वाभिमान और देवभूमि के गौरव का अपमान है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से राहुल गांधी की टिप्पणी पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है।

सोमवार शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गणेश जोशी ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन राष्ट्र की सुरक्षा और एकता के लिए समर्पित किया है। उनके अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यक्तित्वों की आलोचना करना अलग बात है, लेकिन उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

गणेश जोशी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य नेताओं से सवाल किया कि वे राहुल गांधी की टिप्पणी से सहमत हैं या इसकी सार्वजनिक रूप से आलोचना करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंडियत और प्रदेश के स्वाभिमान की बात करने वाले कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और गलवान घाटी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में कांग्रेस नेताओं के बयानों से विवाद पैदा हुआ। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।

गणेश जोशी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने अतीत में भी उत्तराखंड के सैन्य और सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्तित्वों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल उत्तराखंड के गौरव हैं और दोनों ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश की सुरक्षा के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए। जोशी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता उत्तराखंड के इन सपूतों को राजनीतिक निशाना बना रहे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए गणेश जोशी ने दावा किया कि यदि राहुल गांधी की टिप्पणियां उत्तराखंड में कांग्रेस को बार-बार मिली चुनावी हार की प्रतिक्रिया हैं, तो पार्टी को इसका जवाब जनता से मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवारों की हार का दावा भी किया।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, मेजर जनरल (से. नि.) सम्मी सबरवाल, कर्नल रघुवीर भंडारी, शमशेर सिंह बिष्ट, दिनेश प्रधान और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी राजेंद्र नेगी मौजूद रहे।