जौनपुर, 22 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर अरुआवा के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में राज्यस्तरीय खो-खो खिलाड़ी धरम सरोज (लाजीपार निवासी) की मौत हो गई। हादसे में उनके चचेरे भाई समेत दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। खिलाड़ी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। धरम सरोज अपने चचेरे भाई सूरज सरोज के साथ भरत मिलाप देखने मछलीशहर जा रहे थे। बुधवार रात करीब 12 बजे अरुआवा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में धरम की मौत हो गई, जबकि सूरज समेत दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धरम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता सूरत की एक कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। उनकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। परिवार के इकलौते बेटे और होनहार खिलाड़ी की असमय मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में गुरुवार को जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरी बाइक पर सवार घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बाइकों की टक्कर कैसे हुई और हादसे में किसकी गलती थी, इसकी जांच की जा रही है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
