sports-asian-games-2026-sunil-semifinal-

एशियन खेल 2026: सुनील कुमार सेमीफाइनल में, निशा दहिया का सफर समाप्त

स्पोर्ट्स

आइची-नागोया, 30 सितंबर । एशियन खेल 2026 में भारतीय कुश्ती अभियान की शुरुआत बुधवार को मिले-जुले नतीजों के साथ हुई।

सुनील कुमार ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली, जबकि निशा दहिया को महिलाओं के फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने सिंगापुर को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए पदक पक्का कर लिया।

ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग में सुनील कुमार ने मुहम्मद सुल्तानज़ोदा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 4-0 से हराया। सुनील ने मुकाबले में कुल नौ अंक जुटाए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को एक भी अंक नहीं मिला। इस जीत के साथ सुनील ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

महिलाओं के फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में निशा दहिया का अभियान राउंड ऑफ 16 में समाप्त हो गया। उन्हें उत्तर कोरिया की पाक सोल गुम ने 4-0 से हराया।

मुकाबला बेहद कड़ा रहा, लेकिन उत्तर कोरियाई पहलवान ने पहले दौर में चार अंकों की तकनीकी श्रेष्ठता हासिल कर बढ़त बना ली, जिसे निशा पार नहीं कर सकीं।

इससे पहले ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनीपर्थी और पृथिका प्रदीप की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंत तक चीन को वापसी का मौका नहीं दिया।

भारत ने पहले रोटेशन में तीनों तीरों पर 10 अंक हासिल करते हुए 30-27 की बढ़त बनाई। दूसरे रोटेशन के बाद भारत 60-58 से आगे था। मध्यांतर तक भारतीय टीम की बढ़त 119-116 रही। दूसरे हाफ में भी भारतीय तीरंदाजों ने दबाव कायम रखा और तीसरे चरण के बाद 178-176 की बढ़त हासिल कर ली।

अंतिम चरण में भारत ने लगातार सटीक निशाने लगाते हुए 238 अंक पूरे किए और चार अंकों से मुकाबला जीत लिया। इस प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने 2014 में दक्षिण कोरिया द्वारा बनाए 238 अंकों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की।

यह ज्योति सुरेखा वेन्नम का चौथा एशियन खेल स्वर्ण है, जबकि चिकिता तनीपर्थी और पृथिका प्रदीप ने अपने पदार्पण एशियन खेल में पहला स्वर्ण पदक जीता।

भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराकर अपना पदक पक्का किया। तन्वी खन्ना ने पहले मुकाबले में वाई इयन्न औ योंग को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। तन्वी ने 11-6, 5-11, 15-13, 11-1 से मुकाबला अपने नाम किया।

इसके बाद अनाहत सिंह ने वाई यान औ योंग को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी। अनाहत ने 11-7, 11-3, 11-4 से मुकाबला जीता। भारतीय टीम के सेमीफाइनल प्रतिद्वंद्वी का फैसला अभी नहीं हुआ है।