elder-brother-kills-younger-

तख्त पर सोने के विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या

उत्तर प्रदेश

कानपुर, 21 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में फजलगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दो भाइयों के बीच तख्त पर सोने को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह छत पर खून से लथपथ शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि दर्शनपुरवा निवासी शिवकुमार उर्फ बल्लू कश्यप (35) फैब्रिकेटिंग का काम करता था, जबकि उसका बड़ा भाई सतीश उर्फ बच्ची पुताई का काम करता है। उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में पांच बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।

चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार कश्यप के मुताबिक, मंगलवार शाम दोनों भाई मेला देखने गए थे। देर रात घर लौटने के बाद वे छत पर सोने पहुंचे। एक ही तख्त पर सोने को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई बच्ची ने ईंट से छाेटे भाई बल्लू के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर जब आज माैके पर पुलिस पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलायाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस उपायुक्त मध्य ने बताया कि आराेपित बड़े भाई बच्ची को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने शुरुआत में मकान के विवाद में अपनी बुआ के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, बाद में उसने छोटे भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, दोनों भाई नशे की हालत में थे और तख्त पर सोने को लेकर हुए विवाद में हत्या की वारदात हाे गई।