----------------------

रामपुर क्रिकेट एकेडमी ने नेक्स्ट जनरेशन को 103 रनों से हराया

उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद, 26 अक्टूबर । करण सिंह अंडर-13 मंडलस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन में रामपुर क्रिकेट एकेडमी ने नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी को 105 रनों से हरा दिया। 43 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान देने वाले रामपुर के हर्ष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ताजपुर माफी स्थित सीएसएस क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर चले रहे टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर रामपुर क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 190 रन बनाए। हर्ष यादव ने 43 और अर्श ने 41 रन की पारी खेली। नेक्स्ट जनरेशन की ओर से वेदांश चौधरी, अब्दुल समद और यश ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी की टीम रामपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 85 रन बनाकर आउट हो गई। युवराज ने 30 और अर्णव चौधरी ने 22 रन बनाए। रामपुर की ओर से मोहम्मद हमजा ने तीन और कुलदीप राजपूत ने दो विकेट लिए। मैच में अंपायरिंग शिवम, जुनैद ने की, जबकि यूनुस ने स्कोरर की भूमिका निभाई।