बहराइच, 15 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रुपईडीहा पुलिस ने चकिया रोड पर घर और दुकान में हुई नकबजनी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 हजार नेपाली रुपये, 10 हजार भारतीय रुपये और सफेद धातु की एक पायल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
चकिया रोड निवासी बद्री प्रसाद के घर और दुकान में रात के समय घुसकर चोरी की गई थी। पीड़ित की सूचना पर रुपईडीहा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान रुपईडीहा के चकिया रोड निवासी राजू रायनी (25) और बरथनवा मोहल्ला निवासी फरमान (46) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान राजू के पास से सात हजार नेपाली और चार हजार भारतीय रुपये मिले, जबकि फरमान के कब्जे से आठ हजार नेपाली, छह हजार भारतीय रुपये और सफेद धातु की एक पायल बरामद हुई।
थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार राजू रायनी के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि फरमान के खिलाफ भी चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
