फतेहाबाद, 16 नवंबर । जिले के भूना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खजूरी जाटी में रविवार देर रात एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेतों में घूम रही दो बेकसूर नीलगायों को गोली मार दी गई। झलनिया लिंक मार्ग पर हुई इस घटना में एक मादा नीलगाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल नीलगाय को तुरंत उपचार के लिए हिसार रेफर किया गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ग्रामीणों और बिश्नोई समाज के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को बिश्नोई समाज के लोगों ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झलनिया लिंक मार्ग के आसपास के किसानों ने अपनी फसलों को बेसहारा पशुओं और वन्य जीवों से बचाने के लिए खेतों में निजी तौर पर चौकीदार तैनात किए हुए हैं। रविवार रात को नीलगायों का एक झुंड अचानक खेतों में जा घुसा। आरोप है कि इसी दौरान खेतों की रखवाली कर रहे एक चौकीदार ने उन्हें भगाने के लिए अपनी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान चली गोलियों की चपेट में दो मादा नीलगायों आ गई। गोली लगने से एक नीलगाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं तड़पने लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। घटना का पता चलते ही बड़ी संख्या में बिश्नोई समाज के लोग भी वहां एकत्रित हो गए और इस क्रूरता पर कड़ा रोष जताया। घटना की सूचना मिलते ही भूना थाना पुलिस और वन्य जीव विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
वन्य जीव विभाग के सब-इंस्पेक्टर सुरेश भांभू ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत नीलगाय के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस्तेमाल किए गए हथियार और गोलियों के बारे में पुख्ता स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस और वन्य जीव विभाग की संयुक्त टीमें संबंधित चौकीदार का पता लगाने और उसकी धरपकड़ के लिए जुटी हुई हैं। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
