जींद, 04 अक्टूबर । जुलाना थाना पुलिस ने आढ़ती की मार्फत धान खरीद तीन करोड़ रुपये हड़पने पर दो चावल मिलरों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव शामलो कलां निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जुलाना नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। वर्ष 2023 में समालखा निवासी राजीव जैन तथा दिल्ली निवासी व्यापारी राकेश उसके पास आए। जिन्होंने बताया कि वे आढ़तियों से फसल खरीद कर विदेशों में एक्सपोर्ट करते हैं। उन्होंने पचास करोड़ का माल खरीदना है। उनका घरोंडा राइस मिल है। खरीदी गई धान को घरोंडा मिल में पहुंचाया जाना है। जो धान उनके पास भेजा जाएगा। दसवें दिन पेमेंट कर दी जाएगी। जिसके बाद उसने मिल पर धान भेजना शुरू कर दिया।
वह जितना माल आरोपितों के मिल में भेजता, आरोपित उसकी आधी पेमेंट कर देते। हालात यहां तक रहे अप्रैल 2024 तक आरोपितों की तरफ सात करोड़ रुपये अटक गए। जिस पर उसने आरोपितों से रुपये मांगे। आरोपितों ने धीरे-धीरे तीन करोड़ दे दिए। जबकि तीन करोड़ रुपये आरोपितों में फंस गए। उसने आरोपितों से रुपयो के लिए दबाव डाला तो उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी।
रविवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि जुलाना थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर व्यापारी राजीव जैन तथा अशोक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
