देहरादून, 05 अक्टूबर । उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी के आसार हैं। 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है।
चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और धूप-बादलों के बीच मौसम रहा। हालांकि, बारिश का दौर व्यापक रूप से नहीं रहा। मौसम में उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
