uk-mahendra-bhatt-harish-rawat

हरीश रावत पर महेंद्र भट्ट का निशाना, बोले- राजनीतिक फायदे के लिए भावनाओं का इस्तेमाल उचित नहीं

उत्तराखण्ड

देहरादून, 26 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद महेंद्र भट्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ईडी के समक्ष पेश होने के दौरान अपनी दिवंगत मां की तस्वीर साथ रखने को लेकर शनिवार को निशाना साधा और इसे राजनीति में भावनात्मक मुद्दों के इस्तेमाल का प्रयास बताया।

महेंद्र भट्ट ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मां सर्वदा पूजनीय होती हैं और उनके चित्र का राजनीतिक इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि हरीश रावत को लगता है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है तो उन्हें जांच का सामना करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की राजनीतिक गतिविधियों से न तो जांच प्रक्रिया प्रभावित होगी और न ही जनता की धारणा बदलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हरीश रावत अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच के बीच सहानुभूति हासिल करने तथा जनता का ध्यान मुद्दे से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल से जुड़े विभिन्न मामलों की जांच चल रही है और यूकेएसएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले भी जांच के दायरे में हैं।

उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए और किसी भी मामले में अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही सामने आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक बचाव के लिए मां जैसे पवित्र रिश्ते के इस्तेमाल को उचित नहीं मानती। उन्होंने कहा कि यदि रावत अपने माता-पिता और बुजुर्गों के बताए रास्ते पर चलते तो उन्हें मौजूदा परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता।