देहरादून, 10 अक्टूबर । वीर गोर्खा कल्याण समिति की ओर से तीन दिवसीय गोर्खा दशै-दिवाली सांस्कृतिक महोत्सव एवं राजकीय मेला 2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में किया जाएगा। महोत्सव में गोर्खाली संस्कृति, नेपाली खानपान और विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे।
समिति ने शनिवार को चंद्रमणि मंदिर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को पिछले साल की तुलना में और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोर्खा दशै-दिवाली महोत्सव को राजकीय मेले का दर्जा दिया था। इसके बाद इस वर्ष मेले की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।
महोत्सव में मेघालय, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और असम सहित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इसके साथ ही गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और गोर्खाली लोक संस्कृति के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मेले में विभिन्न उत्पादों और खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ खरीदारी भी कर सकेंगे।
कमल थापा के अनुसार, महोत्सव में नेपाल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी। पारंपरिक वेशभूषा में नेपाली महिलाएं गोर्खा समुदाय की संस्कृति और परंपराओं से लोगों को परिचित कराएंगी।
सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय लोक गायक श्याम राना, लोक गायिका शांता रानी परियार, डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स के उपविजेता आकाश थापा और मयूर नृत्य के लिए ख्याति प्राप्त कबी राज थापा प्रमुख आकर्षण होंगे।
बैठक में समिति की वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तामाड, उपाध्यक्ष सूर्य बिक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी टेकु थापा, सचिव देवीन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दीवान, सह-सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनु गुरुंग सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
