नैनीताल, 06 अक्टूबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय में 3 से 6 अक्टूबर तक अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) के पेअर कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यक्रम के बीच एएनआरएफ के माध्यम से कुमाऊं विवि को लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत के अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें एक्स-रे डिफ्रेक्शन (एक्सआरडी), यूवी-विजिबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, यूनिवर्सल टेस्टिंग मशीन (यूटीएम), फ्लोरेसेंस माइक्रोस्कोप, थर्मोग्रेविमेट्रिक एनालिसिस (टीजीए) और डिफरेंशियल स्कैनिंग कैलोरीमेट्री (डीएससी) शामिल हैं।
इन उपकरणों के माध्यम से 70 से अधिक विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को नमूना तैयार करने, उपकरणों के संचालन, आंकड़े प्राप्त करने और उनके विश्लेषण की अनुसंधान प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत पहले दो दिनों में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं अनुसंधान तकनीकों की सैद्धांतिक जानकारी दी गई, जबकि अंतिम दो दिनों में अत्याधुनिक उपकरणों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया जा रहा है।
