हल्द्वानी , 26 नवंबर । उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी एवं स्विट्जरलैंड स्थित स्विस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) के मध्य शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों संस्थानों के मध्य अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान तथा भविष्य में संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रकोष्ठ द्वारा अंतरराष्ट्रीय अतिथि प्राध्यापक फेलोशिप कार्यक्रम के अंतर्गत ‘पाठ्यक्रम निर्माण एवं शिक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समावेश’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं विश्वविद्यालय के कुलगीत के गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन जितेंद्र पांडे ने किया। एफएफएचएस के प्रो. तोबियास हैबरलिन एवं अन्जा बूरों ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
स्वागत संबोधन प्रो. पीडी पंत ने दिया। उन्होंने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक प्रयासों को सुदृढ़ करने में सहायक होगा। उन्होंने पाठ्यक्रम विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने स्विट्जरलैंड में टैगोर चेयर फेलोशिप के दौरान अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड की शैक्षणिक गतिविधियों में गुणवत्ता और केंद्रित दृष्टिकोण स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने डॉ. लुसिने मक्र्त्च्यान के विश्वविद्यालय प्रवास के दौरान उनके साथ कार्य करने के अनुभव को भी साझा किया। प्रो. लोहनी ने कहा कि यह एमओयू विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शिक्षण पद्धतियों को और सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा में हो रहे तकनीकी परिवर्तनों के अनुरूप शिक्षण एवं अधिगम की प्रक्रियाओं को विकसित करना आवश्यक है, तथा विश्वविद्यालयों में तकनीकी नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
इसके पश्चात कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी एवं कुलसचिव ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रो. तोबियास हैबरलिन ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण एमओयू है, जिससे उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के विशाल विद्यार्थी वर्ग को लाभ मिलेगा। अन्जा बूरों ने कहा कि यह समझौता शोध एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों को और समृद्ध करेगा। दोनों ने भविष्य में संबंधों को और प्रगाढ़ करने की आशा व्यक्त की।
इसके बाद मुख्य वक्ता डॉ. लुसिने मक्र्त्च्यान, विजिटिंग प्रोफेसर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय एवं स्विस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (FFHS) ने संगोष्ठी में व्याख्यान दिया। उन्होंने स्विट्जरलैंड की सबसे कम बेरोजगारी दर का उल्लेख करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के आधार पर पाठ्यक्रम निर्माण पर प्रकाश डाला। उन्होंने एफएफएचएस की एआई रणनीति साझा करते हुए बताया कि संस्थान एआई साक्षरता से आगे बढ़कर मानव-नेतृत्व वाले एआई सहयोग, एआई-सहायित मॉड्यूल विकास एवं एआई-सहायित पाठ्यक्रम विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने भारत और स्विट्जरलैंड, दोनों में साइबर सुरक्षा की बढ़ती मांग तथा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में इसकी प्रासंगिकता पर भी बल दिया। साथ ही उन्होंने नॉलेज ग्राफ्स पर भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है और इसके माध्यम से शिक्षण को अधिक संवादपरक, विद्यार्थी-केंद्रित एवं आवश्यकता आधारित बनाया जा सकता है। हालांकि, इसके उपयोग में शैक्षणिक नैतिकता, मानवीय विवेक और अकादमिक गुणवत्ता को प्राथमिकता देना भी आवश्यक है।
अपने व्याख्यान के समापन पर डॉ. मक्र्त्च्यान ने नई दिल्ली, हल्द्वानी और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में बिताए समय, उत्तराखंड के पर्वतीय स्थलों एवं मंदिरों के भ्रमण के अनुभव साझा किए। उन्होंने विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन अत्यंत गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने भारत के आतिथ्य सत्कार से अभिभूत होने की बात भी कही।
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शैक्षणिक उपयोग, डिजिटल शिक्षण संसाधनों के विकास तथा भविष्य की शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचारों की भूमिका पर सार्थक चर्चा हुई। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को उभरती तकनीकों के शैक्षणिक उपयोग से परिचित होने तथा अंतरराष्ट्रीय अकादमिक अनुभवों को समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
यह आयोजन उच्च शिक्षा में नवाचार, तकनीकी अनुकूलन एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।
