थाना नगला खंगर क्षेत्र अन्तर्गत एक महिला की उसके रिश्ते में लगने वाले जेठ ने शुक्रवार की देर रात कुल्हाड़ी से काटकर नृशंस हत्या कर दी। उसका शव खेत पर मिला है। घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच में जुट गई।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव कोरारी खेड़ा निवासी सोनी कश्यप (38) शुक्रवार शाम को खेत पर घास काटने गई थी। देर रात जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से सोनी की तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान उसका शव खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। यह देख परिजन व ग्रामीण हैरान रह गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इधर सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ सीओ चचंल त्यागी और फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस, फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने रिस्ते के ही जेठ नेपाल सिंह पर कुल्हाड़ी से काटकर महिला की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने उसके खिलाफ थाना में तहरीर दी है। घटना के बाद से ही आरोपित नेपाल सिंह गायब है।
इस संबंध में सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी का कहना है कि महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या हुई है। हत्या का आरोप रिश्ते के जेठ नेपाल सिंह पर लगा हैं। वह फरार है जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस
तीन टीमें गठित की है। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। हत्या के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच कर जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।———–
