up-bijnor-gerftaari-hone-tak-a

छात्रा की मौत पर भड़के परिजन,आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इकांर

उत्तर प्रदेश

बिजनौर, 19 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना स्योहारा में बाइक की टक्कर से छात्रा की मौत के मामले में सोमवार को परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव घर पहुंचा तो परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था।

स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव पीथापुर निवासी अनिल कुमार की बेटी भावना (20) रविवार सुबह करीब 10 बजे अपनी सहेली प्रिंसी के साथ धामपुर रोड स्थित फव्वारे के पास जनसेवा केंद्र जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में भावना गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस उसे निजी अस्पताल ले गई, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक भावना लक्ष्य डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह रेलवे में नौकरी के लिए आवेदन करने जनसेवा केंद्र जा रही थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। भावना का सपना सरकारी नौकरी हासिल कर पिता और परिवार का सहारा बनने और अपने दो छोटे भाइयों का भविष्य संवारने का था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।