triveni-youth-festival-at-cdlu

सिरसा: सीडीएलयू में त्रिवेणी युवा महोत्सव का आगाज, लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुआ परिसर

हरियाणा

सिरसा, 25 अक्टूबर । सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में रविवार को 13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव-2026 का आगाज हुआ। ‘युवा उमंग, संस्कृति के संग’ की थीम पर आयोजित महोत्सव में विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों तथा 35 संबद्ध महाविद्यालयों की टीमों की भागीदारी ने युवा प्रतिभाओं के उत्साह और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप दिया।

युवा महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक शोभायात्रा में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा ने प्रथम स्थान हासिल किया। एमएम कॉलेज, फतेहाबाद की टीम दूसरे और मेजबान विश्वविद्यालय सीडीएलयू की टीम तीसरे स्थान पर रही। पंडित लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, रचनात्मक सोच विकसित करने और सामूहिक रूप से कार्य करने का अवसर प्रदान करते हैं। महोत्सव के मुख्य ध्येय को रेखांकित करते हुए कहा कि भागदौड़ भरी आधुनिक जीवनशैली में आज का युवा लगातार मानसिक तनाव का शिकार हो रहा है, जबकि हमारी संस्कृति हर्ष, उल्लास और सकारात्मकता की संवाहक है। युवाओं को अपनी जड़ों और समृद्ध विरासत से जोडऩा ही इस ‘त्रिवेणी महोत्सव’ का मुख्य उद्देश्य है, जो यह साबित करता है कि हमारी सांस्कृतिक विरासत कितनी विराट है और यह भारत को एक नई दिशा दिखाने में सक्षम है।

सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुडऩा आज के युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए युवा महोत्सव की थीम ‘युवा उमंग, संस्कृति के संग’ रखी गई है। भारत, विशेषकर हरियाणा और पंजाब की धरती, सबके कल्याण और पूरे विश्व को अपना परिवार मानने की भावना का संदेश देती है। भारतीय संस्कृति का स्वरूप अत्यंत विराट है और इसकी मूल भावना मानवता, सद्भाव तथा परस्पर सम्मान में निहित है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति प्रो. बीआर. काम्बोज ने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय युवाओं को उत्साह, ऊर्जा और ज्ञान के संगम से जोडऩे का अवसर प्रदान कर रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश देते हैं।