नोएडा, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में बीती रात को तीन लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी निरीक्षक अमित खारी ने बताया कि आज सुबह को अवनीश गोस्वामी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 नवंबर को उनकी पत्नी खुशी भारद्वाज (24) ग्रेटर नोएडा स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी। सेक्टर 125 के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उनको उपचार के लिए सेक्टर 128 स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान सोमवार की देर रात को उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में नीरज खटाना ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए 23 नवंबर की शाम को उनके जीजा सचिन पुत्र विजय को टक्कर मार दिया। यह घटना एडवांट के पास की है। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट आई है। उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बीती रात को भगवान स्वरूप ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरा भाई केशव दिल्ली से बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे, तभी दादरी बाईपास के पास अज्ञात कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी बीती रात को मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया की बीती रात को आशीष कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक अज्ञात कार चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके चाचा सुंदरलाल को बीती रात को टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया ,जहां पर उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
