sps-public-grievance-hearing

टोहाना में एसपी की जनसुनवाई, दिव्यांग को देख खुद चलकर पहुंचीं पास, मौके पर दिए कार्रवाई के आदेश

हरियाणा

फतेहाबाद, 25 सितंबर । आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और मैत्रीपूर्ण पुलिसिंग का नया अध्याय लिखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने टोहाना में विशेष जनसुनवाई की। इस पहल के तहत एसपी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर शिकायतें सुन रही हैं। शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में टोहाना क्षेत्र से करीब 85 नागरिक पहुंचे और कुल 30 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जनसुनवाई के दौरान एसपी निकिता खट्टर की संवेदनशीलता का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला। जब दिव्यांग शिकायतकर्ता राजकुमार अपनी विशेष साइकिल से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे, तो एसपी स्वयं अपनी कुर्सी से उठकर उनके पास आ गईं। उन्होंने राजकुमार का हालचाल पूछा और आत्मीयता से उनकी बात सुनी। राजकुमार ने जब अपने साथ हुई मारपीट की आपबीती बताई, तो एसपी ने तुरंत थाना सदर टोहाना प्रभारी को फोन कर मामले में सख्त कार्रवाई करने और उसका तत्काल फीडबैक देने के निर्देश दिए।

एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि टोहाना क्षेत्र के लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय फतेहाबाद के चक्कर न काटने पड़ें, इसीलिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। अब प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि संकट के समय आम आदमी के साथ खड़े होना और उसे न्याय दिलाना भी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी दी जाए।