नई दिल्ली, 10 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अनुज श्रीवात्री को भारत का 100वां शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को भारतीय शतरंज के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह देश में खेल की बढ़ती लोकप्रियता और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “भारत ने शतरंज में शतक लगा दिया है! है न यह शानदार उपलब्धि? भारत अब 100 शतरंज ग्रैंडमास्टर वाला देश बन गया है। भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने पर अनुज श्रीवात्री को बधाई! यह कितनी शानदार उपलब्धि है।”
उन्होंने कहा कि भारत का 100 ग्रैंडमास्टर तक पहुंचना खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ देश के युवाओं में शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह देखकर विशेष खुशी होती है कि देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शतरंज प्रतिभाएं उभर रही हैं और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। उम्मीद है कि यह उपलब्धि और अधिक युवाओं को शतरंज अपनाने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।”
मध्य प्रदेश के अनुज श्रीवात्री ने रविवार को सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल किया। वह मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है।
अनुज ने शुरुआती दौर में हार के बाद शानदार वापसी की। उन्होंने अपने अंतिम आठ मुकाबलों में सात अंक हासिल किए और टूर्नामेंट का खिताब जीतने के साथ ग्रैंडमास्टर का दर्जा प्राप्त किया।
उनकी इस उपलब्धि से भारतीय शतरंज में एक नया अध्याय जुड़ गया है। देश के शतरंज प्रेमियों को लंबे समय से 100वें ग्रैंडमास्टर का इंतजार था। वहीं, मध्य प्रदेश को भी अपने पहले ग्रैंडमास्टर का इंतजार था, जिसे अनुज ने पूरा कर दिया।
