फतेहाबाद, 08 अक्टूबर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य प्रगति पर है। इस प्रक्रिया में जिन मतदाताओं को नोटिस भेजे गये थे, उनकी सुनवाई जारी है तथा ऐसे मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करके इनका निपटान किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने गुरूवार को बताया कि आयोग के निर्देशानुसार लंबित नोटिस के समयबद्ध निस्तारण के लिए सात से 10 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं तथा बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर भी मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर रहें हैं। जिले में कुल 105186 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 101297 यानि 96.30 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है तथा 3889 मतदाताओं की सुनवाई लंबित हैं।टोहाना विधानसभा में 30201 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 29646 की सुनवाई हो चुकी जबकि 555 यानि 1.84 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई लंबित है। इसी प्रकार से फतेहाबाद विधानसभा में 44524 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं जिनमें से 42756 मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है जबकि 1768 यानि 3.97 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई लंबित है। रतिया विधानसभा में 30461 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं जिनमें से 28895 मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है जबकि 1566 यानि 5.14 प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई लंबित है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने मतदाताओं से अपील की है कि जिन नोटिस प्राप्त मतदाताओं ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं तथा अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी को जमा करवाएं ताकि सभी योग्य मतदाताओं के नाम छह नवंबर, 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
