नई दिल्ली, 12 अक्टूबर । लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के 11 नेताओं ने साेमवार काे उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर कर मतदाता सूची में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चुनौती दी है। एसआईआर के मसले पर 13 अक्टूबर को अन्य याचिकाओं पर सुनवाई होनी है। इसलिए इस याचिका पर भी कल सुनवाई हो सकती है।
याचिका दायर करने वालों में राहुल गांधी के अलावा इंडिया ब्लाक के अन्य प्रमुख नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव (सपा), तेजस्वी प्रसाद यादव (राजद), सौगत रॉय (टीएमसी), संजय राउत (शिवसेना-यूबीटी), एम.ए. बेबी (माकपा), डी. राजा (भाकपा), महुआ मांझी (झामुमो), सुप्रिया सुले (एनसीपी-शरदचंद्र पवार), और ईटी मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल) शामिल हैं।
वरिष्ठ वकील एस प्रसन्ना के जरिये दाखिल की गई इस याचिका में निर्वाचन आयोग के भीतर एसआईआर के फैसले लेने की प्रक्रिया की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति के गठन की मांग की गई है। इसके साथ ही, ऑनलाइन वोटर रजिस्ट्रेशन सिस्टम (जैसे ECINet पोर्टल) की व्यापक समीक्षा करने और निर्वाचन आयोग से आधिकारिक रिकॉर्ड और नोटिंग्स मंगाने का आग्रह किया गया है।
याचिका दायर करने के पहले इंडिया ब्लाक के नेताओं ने दिल्ली में “लोकतंत्र मार्च” निकाला और सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च किया।
