नई दिल्ली, 21 नवंबर । नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और नागरिक विमानन मंत्रालय ने सबरीमाला तीर्थयात्रा के दौरान विमान के केबिन में ‘इरुमुडी केट्टू’ ले जाने की छूट जारी रखी है। ये विशेष अनुमति 20 नवंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सबरीमाला तीर्थयात्री लगातार तीसरे वर्ष भी विमान के केबिन के अंदर अपना पवित्र ‘इरुमुडी केट्टू’ ले जा सकेंगे। नायडू ने लिखा, स्वामीये शरणम अयप्पा! उन्होंने कहा कि सबरीमाला तीर्थयात्रियों के द्वारा पवित्र ‘इरुमुडी केट्टू’ ले जाना सदियों पुरानी परंपरा है, जो गहरी आस्था और भक्ति से जुड़ी है। लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि श्रद्धालुओं को विमान के केबिन में अपना ‘इरुमुडी केट्टू’ ले जाने की अनुमति लगातार तीसरे वर्ष भी जारी रखी गई है। ये सुनिश्चित किया गया है कि बीसीएएस, सीआईएसएफ और एयरपोर्ट ऑपरेटरों सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए जाएं, ताकि हमारे अयप्पा भक्त बिना किसी परेशानी के अपनी तीर्थयात्रा पूरी कर सकें। इस पवित्र यात्रा पर जाने वाले सभी लोगों पर भगवान अयप्पा का आशीर्वाद बना रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सबरीमाला तीर्थयात्रा के मंडल-मकरविलक्कु सीजन के दौरान श्रद्धालुओं को 20 नवंबर से आगामी 20 जनवरी तक विमान के केबिन बैगेज में इरुमुडी केट्टू (घी से भरे नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री) ले जाने की विशेष अनुमति दी है।
मलयालम भाषा में ‘इरु’ का अर्थ दो, ‘मुडी’ का अर्थ थैली या पोटली और ‘केट्टू’ का अर्थ गांठ होता है। मान्यता के अनुसार केवल वही श्रद्धालु मंदिर की पवित्र 18 सीढ़ियों पर चढ़ सकते हैं जिन्होंने 41 दिनों का कठिन व्रत पूरा किया हो और जिनके सिर पर इरुमुडी केट्टू हो।
केबिन में इरुमुडी ले जाने से पहले एक्स-रे स्क्रीनिंग, विस्फोटक ट्रेस डिटेक्टर (ईटीडी) जांच और शारीरिक जांच पूरी करनी होगी।
यात्रा से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से केबिन बैगेज के नियमों और प्रक्रिया की पुष्टि कर लेना उचित रहता है।
पर्यटन और यात्रा संघों ने हवाई अड्डा प्रशासन, एयरलाइंस और सुरक्षा कर्मियों से इस छूट को सुचारू रूप से लागू करने का आग्रह किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को इरुमुडी चेक-इन लगेज में रखने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उल्लेखनीय है कि बीसीएएस और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सामान्य नियमों के तहत ज्वलनशीलता की आशंका के चलते नारियल ले जाने पर रोक रहती है, लेकिन सबरीमाला तीर्थयात्रा के मंडल-मकरविलक्कु सीजन के दौरान परंपरा को ध्यान में रखते हुए यह मौसमी छूट प्रदान की गई है।
