नैनीताल, 16 अक्टूबर । नगर के मल्लीताल क्षेत्र में चीना बाबा चौराहे के निकट स्थित विलायत कॉटेज (रोजगार कार्यालय) के पास गुलदार की आवाजाही सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इससे क्षेत्र के स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुलदार एक घर के बाहर घूमता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने स्थानीय सभासद लता दफौटी सहित वन विभाग और नगर पालिका को इसकी सूचना दी। सभासद ने भी संबंधित विभागों को मामले से अवगत कराया।
सूचना मिलने के बाद नगर पालिका ने विलायत कॉटेज के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराई। वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाने का आश्वासन दिया है।
उधर, नैनीताल वन प्रभाग के भवाली वन क्षेत्र के सातताल स्टूडियो प्वाइंट के पास के आरक्षित वन क्षेत्र और आसपास के जंगलों में भी भालू की गतिविधियां देखी गई हैं। वन विभाग ने वहां ट्रैप कैमरे लगाकर निगरानी बढ़ाई है और गश्त तेज की है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के निर्देशन में टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। साथ ही ग्रामीणों, जंगल में काम करने वाले मजदूरों और पर्यटकों को जागरूक करने के लिए मुनादी कराई जा रही है।
वन विभाग ने लोगों से जंगलों और सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचने तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उसके नजदीक नहीं जाने की अपील की है। भालू या गुलदार दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।
