ऑकलैंड (न्यूजीलैंड), 22 नवंबर । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की ‘इंडिया-न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी’ सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। दोनों टीमों के बीच रविवार को ऑकलैंड के लॉयड एल्स्मोर हॉकी स्टेडियम में खेला गया सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।
भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले में 3-2 से जीत दर्ज की थी, जबकि बाकी दोनों मैच ड्रॉ रहे। आखिरी मुकाबले में भारत के लिए कप्तान संजय (16वें मिनट) और सेल्वम कार्थि (18वें मिनट) ने गोल किए, जबकि न्यूजीलैंड के लिए डायलन थॉमस (9वें मिनट) और बेंजी कुलहेन (55वें मिनट) ने गोल किए।
तीसरे और आखिरी मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने आक्रामक शुरुआत की। टीम को नौवें मिनट में डायलन थॉमस ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारतीय टीम ने जल्द ही वापसी की। कप्तान संजय राणा ने 16वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके दो मिनट बाद ही सेल्वम कार्थि ने 18वें मिनट में फील्ड गोल करते हुए भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बरकरार रखने के लिए मजबूत खेल दिखाया।
तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम बढ़त बनाए हुए थी। हालांकि, मुकाबला समाप्त होने से पांच मिनट पहले यानी 55वें मिनट में बेंजी कुलहेन ने गोल करके न्यूजीलैंड को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
आखिरी मिनटों में दोनों टीमों ने निर्णायक गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। अंततः मुकाबला 2-2 से ड्रॉ समाप्त हुआ और भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।
