हमीरपुर, 07 नवंबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 12 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपिताें ने ग्रुप सी में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे रकम ली और बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। शनिवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकादमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
राठ कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी सुल्तान खान ने बताया कि उनका बेटा समीर खां शिक्षित है। वह नाैकरी के लिए इधर-उधर भटक रहा है। इस दौरान कस्बे के अतरौलिया निवासी उत्तम प्रताप सिंह राजपूत ने उनकी मुलाकात दिल्ली निवासी अपने परिचित नसीम अहमद से कराई थी। आरोप है कि दोनों ने रेलवे में अच्छी पहचान होने की बात कहकर नौकरी के लिए 12 लाख रुपये मांगे। सुल्तान ने एक साल पहले 26 अगस्त को नसीम की फर्म के खाते में आरटीजीएस से 2 लाख रुपये भेजे। इसके बाद 19 नवंबर को उत्तम प्रताप को 50 हजार और 22 नवंबर को नसीम की फर्म के खाते में 50 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे। बाकी 9 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों में नकद दिए।
पूरी रकम मिलने के बाद 30 दिसंबर 2025 को डाक से उनके घर नियुक्ति पत्र आया। इसमें पंजाब के कपूरथला जिले के डुडविंडी स्टेशन पर तैनाती बताई गई थी। हालांकि, पत्र में दी गई ज्वाईनिंग की तारीख निकल चुकी थी। जांच कराने पर नियुक्ति पत्र फर्जी निकला। पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने 17 और 18 फरवरी 2026 को पीड़ित के खाते में ऑनलाइन कुल ढाई लाख रुपये भेजे। इसके बाद उन्होंने पैसा देना बंद कर दिया। इसको लेकर काफी झगड़ा भी हुआ मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में शरण ली। कोर्ट ने संबंधित थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
