dl-hc-krishi-bhawan-mosque-case

दिल्ली की कदीमी मस्जिद मामले में हाई कोर्ट ने सभी पक्षों से 4 सप्ताह में मांगा जवाब

दिल्ली

नई दिल्ली, 23 नवंबर । सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत कृषि भवन परिसर स्थित ऐतिहासिक ‘कदीमी मस्जिद’ को हटाए जाने के मामले पर सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में अहम सुनवाई हुई। जस्टिस अनीश दयाल की सिंगल बेंच ने इस विवाद से जुड़ी दो याचिकाओं (एक मस्जिद की देखरेख करने वाली समिति और दूसरी एक नमाजी मोहम्मद यासिर की) पर एक साथ सुनवाई करते हुए सभी पक्षों को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने इसके साथ ही अगली सुनवाई जनवरी, 2027 के लिए तय कर दी।

दिल्ली वक्फ बोर्ड के स्थायी अधिवक्ता तुषार सन्नू ने बोर्ड के 17 नवंबर के हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि सेंट्रल विस्टा परियोजना जनहित से जुड़ी है, लेकिन पुनर्विकास योजना में मस्जिद को बनाए रखने की संभावनाओं पर तकनीकी दस्तावेजों के आधार पर विचार किया जाना चाहिए। बोर्ड ने दलील दी कि यह मस्जिद 149 साल से भी अधिक पुरानी अधिसूचित वक्फ संपत्ति है और 15 अगस्त, 1947 को भी इसका धार्मिक स्वरूप यही था, इसलिए इसे ‘उपासना स्थल अधिनियम, 1991’ की धारा 4(1) के तहत संरक्षण प्राप्त है। बोर्ड ने केंद्र सरकार के इस तर्क को भी खारिज किया कि सरकारी परिसर ‘धर्मनिरपेक्ष’ होने के कारण वहां कोई स्थायी धार्मिक ढांचा नहीं रह सकता।

मस्जिद की देखरेख करने वाली समिति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद ने न्यायालय से आग्रह किया कि मामले के लंबित रहने तक नमाजियों के मस्जिद में प्रवेश पर कोई रोक न लगाई जाए। इस पर केंद्र सरकार और भूमि एवं विकास कार्यालय का पक्ष रख रहे एएसजी चेतन शर्मा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मेरे होंठ सिले हुए हैं …”। इस दौरान जस्टिस अनीश दयाल ने मौखिक रूप से स्पष्ट किया कि जब तक वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक मस्जिद में जाने पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है।

दूसरे याचिकाकर्ता (नमाजी) मोहम्मद यासिर की ओर से अधिवक्ता एम. सुफियान सिद्दीकी ने 1945 के एक पंजीकृत समझौते का हवाला दिया। उन्होंने तर्क दिया कि बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए और समझौते का उल्लंघन साबित किए केंद्र सरकार 266 वर्ग गज की इस मस्जिद को नहीं गिरा सकती।

न्यायालय ने दिल्ली वक्फ बोर्ड और भूमि एवं विकास कार्यालय की ओर से पेश हुए सीजीएससी निशांत गौतम को निर्देश दिया कि वे चार सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता मोहम्मद यासिर के प्रतिवेदन पर अपना जवाब दाखिल करें।

मस्जिद की देखरेख करने वाली समिति को भी वक्फ बोर्ड के हलफनामे पर अपना जवाब देने के लिए समय दिया गया है। सुनवाई के दौरान नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से स्थायी अधिवक्ता सौरभ सेठ उपस्थित रहे।