district-level-sports-competit

मालब में पीएम श्री विद्यालयों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हरियाणा

नूंह, 20 नवंबर । पीएम श्री योजना के तहत विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मालब में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला परियोजना समन्वयक योगेश चंद्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 14 पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी मनबीर और विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अरशद ने किया। समापन समारोह में जिला परियोजना समन्वयक योगेश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सहायक परियोजना समन्वयक सतीश कुमार ने प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक तथा 4×100 मीटर रिले दौड़ सहित आठ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से बारह तक के बालक एवं बालिकाओं ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश पांडेय ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, सहयोग और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों सहित प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में परवेज हुसैन, अमित कुमार, हीरालाल, कय्यूम, जोगिंदर सहित विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।