नई दिल्ली, 02 अक्टूबर । कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने फ्लाईदुबई विमान हादसे को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को देश के सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार ‘सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक’ से सम्मानित करने की मांग की है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में हुई घटना में कैप्टन मच्छार ने स्वयं गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण साहस का परिचय देते हुए दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सवार सभी 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के जीवन की रक्षा की। अत्यंत विषम परिस्थितियों में उनका धैर्य, त्वरित निर्णय और कर्तव्य के प्रति समर्पण मानवता एवं राष्ट्र गौरव का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने भारत सरकार से मच्छार को देश के प्रतिष्ठित “सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक” से सम्मानित किये जाने का आग्रह किया।
यह उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने स्वयं के जीवन को अत्यंत गंभीर खतरे में डालकर दूसरों के प्राण को बचाने के लिए असाधारण साहस का प्रदर्शन किया हो। गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह सम्मान “जीवन बचाने हेतु अत्यधिक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में प्रदर्शित ये विशिष्ट साहस” के लिए प्रदान किया जाता है।
खंडेलवाल ने कहा की कैप्टन स्मित मच्छार का यह कार्य इस सम्मान की भावना और मानदंडों पर पूरी तरह खरा उतरता है। उन्होंने न केवल सैकड़ों लोगों के जीवन की रक्षा की है, बल्कि विश्व मंच पर भारतीय साहस, पेशेवर उत्कृष्टता और मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत की है। उन्होंने कहा की भारत वीरों की भूमि है, जिसे कैप्टेन स्मित ने प्रमाणित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी सदैव वसुधैव कुटुम्बकम का आह्वान करते हैं, उसे कैप्टेन स्मित ने सही अर्थों में साबित किया है।
कैट महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्वयं कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना किया जाना पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह उचित होगा कि राष्ट्र उनकी वीरता को सर्वोच्च नागरिक जीवन-रक्षा सम्मान प्रदान कर औपचारिक रूप से सम्मानित करे। उन्होंने यह कहा कि कैट एवं देशभर का व्यापारिक समुदाय कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा है। देश के करोड़ों व्यापारी उनके साहस को नमन करते हैं और उनके पूर्ण स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
खंडेलवाल ने कहा की कि कैप्टन स्मित मच्छार जब भी भारत आयेंगे, कैट द्वारा उनका भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित होकर इस वीर भारतीय का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय केवल अपने कर्तव्यों का निर्वहन ही नहीं करते, बल्कि संकट की घड़ी में मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं करते। उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
