फतेहाबाद, 18 नवंबर । फतेहाबाद हलके के किसानों की समस्याओं और क्षेत्र की विभिन्न मांगों को लेकर विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को किसानों के मौजूदा हालात, सिंचाई संकट और फसल नुकसान से अवगत करवाते हुए मांग पत्र सौंपा। विधायक दौलतपुरिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा नहरी पानी छोडऩे के पैटर्न में किए गए बदलाव से किसान बेहद परेशान हैं। एक सप्ताह पानी छोडक़र लगातार दो सप्ताह बंदी रखने के नए पैटर्न से फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय फसलों की बिजाई का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। यदि समय पर पानी नहीं मिला तो अगली फसल प्रभावित होगी। उन्होंने नहरी पानी का पुराना पैटर्न बहाल करने की मांग की।विधायक ने बीते दिनों हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ मंडियों में पड़ी उपज को भी भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को एक लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की। विधायक ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और खेती की बढ़ती लागत व मौसम की मार से जूझ रहे हैं। सरकार को प्राथमिकता के आधार पर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि हलके की जनता ने उन्हें अपनी आवाज बनाकर विधानसभा भेजा है और वे किसानों के हकों व क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेंगे। मुलाकात के दौरान हलके के अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई, जिस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
