हरिद्वार, 10 नवंबर । तीर्थनगरी में अन्नकूट महोत्सव एवं गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गोवर्धन का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। लोगों ने गाय के गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाकर पूजा की और छप्पन भोग व अन्नकूट का प्रसाद चढ़ाया। अधिकांश ने दोपहर में पूजा की, जबकि कुछ परिवारों ने शाम को पूजन किया। आश्रम-अखाड़ों में भी अन्नकूट धूमधाम से मनाया गया।
मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इसी स्मृति में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
प्राचीन श्रीराम मंदिर में लगा छप्पन भोग- उत्तरी हरिद्वार भूपतवाला स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में भी गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। महंत रामदास महाराज के सान्निध्य एवं महंत बलराम दास महाराज के संयोजन में भगवान श्रीराम व गोवर्धन महाराज की पूजा कर छप्पन भोग अर्पित किया गया।
महंत रामदास महाराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देती है। महंत बलराम दास महाराज ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव अन्न के महत्व, सेवा और मिल-बांटकर खुशियां मनाने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने महंतों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सुबोध शर्मा, सुभाष महेश्वरी, फग्गूराम प्रजापति, योगेश्वर शर्मा, पत्रकार प्रमोद गिरि सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
