जींद, 12 अक्टूबर । गांव पांडु पिंडारा की पावन धरा पर पांचाल महापंचायत में समाज सुधार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। श्री विश्वकर्मा पांचाल ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित महापंचायत में समाज के प्रतिनिधियों ने नशामुक्ति को बढ़ावा देने, विवाह, शादी और अन्य सामाजिक रस्मों में फिजूलखर्ची रोकने तथा आपसी मतभेद दूर करने के लिए समन्वय समिति गठित करने का संकल्प लिया। महापंचायत में हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 300 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
महापंचायत का आयोजन समाज सुधारक आर्य संन्यासी स्वामी भीष्म महाराज की कर्मस्थली पर किया गया। इसकी अध्यक्षता कैप्टन गंगाराम पांचाल सोनीपत और पूर्व सैनिक अमन गौड़ गुरुग्राम ने की। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के निजी सचिव गुलाब सिंह पांचाल ने मंच संचालन किया। महापंचायत के संयोजक रामदिया पांचाल, सह संयोजक पंडित रविदत्त शास्त्री और मुख्त्यार सिंह दांगी ने विभिन्न स्थानों से पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत किया और समाज सुधार के प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। महापंचायत में पारित पहले प्रस्ताव के तहत समाज के लोगों ने अपने परिवारों और समाज में किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने का संकल्प लिया। साथ ही युवाओं और बच्चों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने पर सहमति बनी।
प्रतिनिधियों ने माना कि नशामुक्ति के लिए परिवार और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। दूसरे प्रस्ताव में विवाह, शादी, छुछक, सगाई और अन्य सामाजिक रस्मों में अनावश्यक दिखावे तथा फिजूलखर्ची से बचने का निर्णय लिया गया। तीसरे प्रस्ताव के तहत समाज में आपसी मतभेद दूर करने और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्व सैनिक अमन गौड़, गुरुग्राम की अध्यक्षता में समन्वय समिति का गठन किया गया। समिति का विस्तार आगे किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सामाजिक हितों को आगे बढ़ाना है। महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि समन्वय समिति समाज की सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करेगी।
