गुरुग्राम, 29 सितंबर । सर्दियों में बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए गुरुग्राम में भी दिल्ली की तर्ज पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। अब बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण सर्टिफिकेट वाले और तय उम्र पूरी कर चुके वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंपों पर इसकी निगरानी के लिए कैमरे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के शहरी विकास सलाहकार डी.एस. ढेसी ने यहां 13वीं जिला समन्वय समिति की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आरटीओ और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें दिशा-निर्देश देंगे। बैठक में बताया गया कि जिले में 500 वर्ग मीटर से बड़े 1054 प्रदूषण उत्सर्जन स्थलों की पहचान की गई है, जिनमें निर्माण साइटें शामिल हैं। इनमें से 907 स्थलों पर वेब कैमरे और 534 पर लो-कॉस्ट सेंसर लगाए जा चुके हैं। ये सभी कैमरे और सेंसर सीधे सीएक्यूएम और हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जुड़े रहेंगे, जिससे ऑनलाइन निगरानी हो सकेगी।
नियम तोड़ने वाले स्थलों पर एनवायरनमेंट कंपनसेशन के तौर पर जुर्माना लगाया जाएगा और फिर भी पालन न करने पर निर्माण कार्य बंद कराया जाएगा। ढेसी ने विकास कार्यों से जुड़े विभागों को निर्देश दिया कि वे सीएक्यूएम की पाबंदियां लागू होने से पहले अपने प्रोजेक्ट पूरे कर लें, ताकि सर्दियों में काम न रुके। बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, मानेसर निगमायुक्त प्रदीप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
