uk-badrinath-uttarakhand

बामन द्वादशी पर मातामूर्ति उत्सव, श्रद्धालुओं ने किए मातामूर्ति के दर्शन

उत्तराखण्ड

श्री बदरीनाथ धाम, 23 सितंबर ।

भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष द्वादशी, बामन द्वादशी के पावन अवसर पर आज बुधवार को श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव धूमधाम एवं धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य डा. विनीत पोस्ती सहित हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री माता मूर्ति मंदिर में पूजा-अर्चना तथा श्री उद्धव जी के अभिषेक पूजा में शामिल हुए तथा माता मूर्ति के दर्शन किए।

बुधवार प्रातः भगवान बदरीविशाल की भोग-पूजा के पश्चात गढ़वाल स्काउट के बैंड की भक्तिमय मधुर धुनों के साथ भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी ने डोली में विराजमान होकर समारोहपूर्वक माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया,बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा अन्य श्रद्धालुगण कुबेर जी एवं भगवान नारायण की डोली सेवा में मुख्य रूप से शामिल रहे।

माता मूर्ति मंदिर पहुंचने श्री कुबेर जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया। दिन के भोग के बाद अपराह्न 3 बजे श्री उद्धव जी वापस श्री बदरीनाथ मंदिर लौट आए। इस अवधि में श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे। इसके साथ ही माता मूर्ति मेले का समापन हुआ।

इससे पूर्व मंगलवार देर शाम माणा के घन्याल श्री घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बदरीविशाल को माता मूर्ति मंदिर आने का न्योता दिया था। वहीं बीकेटीसी के अधीनस्थ श्री त्रियुगीनारायण मंदिर (रूद्रप्रयाग) में भी बामन द्वादशी मेला चल रहा है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले उन्होंने बदरीनाथ मंदिर में दर्शन किये। बीकेटीसी कार्यालय में श्री बदरीनाथ धाम यात्रा व्यवस्था की समीक्षा की अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर कर दर्शन पूजा के पश्चात उन्होंने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित होने वाला माता मूर्ति मेला प्राचीन धार्मिक विरासत एवं संस्कृति प्रतीक है मार्ग में श्रद्धालुओं ने हरियाली भेंट कर बीकेटीसी अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया।

धार्मिक परंपरा अनुसार इस बार भी भाद्रपद द्वादशी तिथि को बदरीश पंचायत से श्री बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत के सदस्यों ने भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी को डोली में ले जाकर माता मूर्ति मंदिर पहुंचाया।श्री उद्धव जी ने माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर भगवान बदरीविशाल की माता जी मूर्ति देवी से मिले तथा माता मूर्ति की कुशल क्षेम मालूम की । इससे पहले माणा गांव के महिला मंगल दल एवं श्रद्धालुओं द्वारा श्री उद्धव जी को जौ की हरियाली भेंट की।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने अवगत कराया कि माता मूर्ति मंदिर में रावल अमरनाथ नाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल,वाणी विलास डिमरी, अमित बंदोलिया पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी ने पूजा-अर्चना तथा अभिषेक पूजा संपन्न की तथा हरियाली प्रसाद वितरित किया। माता मूर्ति मेले के अवसर पर आईटीबीपी, सेना एवं दानी-दाताओं की ओर से भंडारे भीआयोजित किए। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं तथा तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये।

माता मूर्ति मेले के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अलावा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, बीकेटीसी सलाहकार माधव सेमवाल, बीडी सिंह, बीकेटीसी पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, सदस्य विनीत पोस्ती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, पीतांबर मोल्फा, वेदपाठी डा. रवीन्द्र भट्ट, माता मूर्ति पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, प्रोटोकॉल प्रभारी जगमोहन बर्त्वाल, सहित तीर्थ पुरोहितगण, तीर्थयात्री, पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा मंदिर समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। परंपरा के अनुसार बुधवार शाम को ही कुबेर जी के पश्वा द्वारा मंदिर में स्नान की धार्मिक परंपरा भी संपन्न की जाती है।