नई दिल्ली, 25 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को आपराधिक न्याय प्रणाली में राजनीतिक कार्यपालिका के कथित हस्तक्षेप पर गहरी चिंता जताई। न्यायालय ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के साथ मुकदमों को चलाने का रवैया भी अक्सर बदल जाता है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने यह टिप्पणी तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी से जुड़े ‘नौकरी के बदले नकदी’ (कैश-फॉर-जॉब्स) मामले की सुनवाई के दौरान की। उच्चतम न्यायालय अब 11 दिसंबर को अगली सुनवाई करेगी।
संक्षिप्त सुनवाई के दौरान पीठ ने अभियोजन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपराधिक न्याय प्रणाली का सबसे बुरा पहलू यह है कि राजनीतिक कार्यपालिका के बदलने के साथ ही मुकदमों को चलाने का तरीका भी बदल जाता है। एक सरकार मामले को लटकाती है तो दूसरी अचानक जल्दबाजी दिखाती है।
सुनवाई में बालाजी के वकील कपिल सिब्बल ने बताया कि ट्रायल कोर्ट में मामला आरोप तय करने के चरण में है। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि आरोप भले गंभीर हों लेकिन किसी को बिना सुने दोषी नहीं ठहराया जा सकता। जस्टिस बागची ने कहा कि 2021-22 के मामलों पर 2026 में सुनवाई हो रही है, ऐसे में कुछ दिन की देरी से आसमान नहीं गिर पड़ेगा।
यह मामला 2011 से 2015 के बीच परिवहन विभाग की भर्तियों में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। उच्चतम न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट को कार्यवाही 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह तक स्थगित करने का निर्देश दिया है। उच्चतम न्यायालय अब 11 दिसंबर को अगली सुनवाई करेगी।
