नई दिल्ली, 18 नवंबर । सनी देओल अभिनीत हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को लेकर डॉक्टरों की आपत्तियों के बाद फिल्म निर्माता इसके ट्रेलर और फिल्म में डिस्क्लेमर शामिल करेंगे। निर्माताओं ने दिल्ली उच्च न्यायालय को भरोसा दिलाया है कि डिस्क्लेमर में स्पष्ट किया जाएगा कि फिल्म काल्पनिक रचना है और मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रूपांतरण है। इस आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए न्यायमूर्ति अमित महाजन की बेंच ने 17 नवंबर को याचिका का निपटारा कर दिया और कहा कि इस मामले में अलग से कोई आदेश पारित करने की आवश्यकता नहीं है।
डॉ. निशांत सोनी और अन्य डॉक्टरों की ओर से दायर याचिका में फिल्म के टीजर और ट्रेलर पर आपत्ति जताई गई थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि फिल्म में निजी और कॉरपोरेट अस्पतालों के डॉक्टरों को भ्रष्ट तरीके से दिखाया गया है। इससे चिकित्सा पेशे की गलत छवि बन सकती है और पहले से ही हिंसा का सामना कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ने की आशंका है।
डॉक्टरों ने यह भी दलील दी थी कि फिल्म के टीजर में कहानी को ‘अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित’ बताने से दर्शकों के बीच यह धारणा बन सकती है कि इसमें दिखाई गई घटनाएं वास्तविक हैं। याचिका में संबंधित अधिकारियों को टीजर की जांच करने और सिनेमैटोग्राफ अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की गई थी। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से टीजर हटाने या उस पर रोक लगाने की मांग भी की गई थी।
निर्माता एमएम मूवीज की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने न्यायालय को बताया कि ‘सूर्या’ वर्ष 2018 में आई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का रूपांतरण है। उन्होंने कहा कि मूल फिल्म पर किसी प्राधिकरण ने प्रतिबंध नहीं लगाया था और उसे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी मिले हैं। निर्माताओं की ओर से ट्रेलर और पूरी फिल्म में उपयुक्त डिस्क्लेमर लगाने का आश्वासन दिया गया।
केंद्र सरकार की ओर से न्यायालय को बताया गया कि उस समय तक फिल्म को प्रमाणन की अनुमति नहीं मिली थी। न्यायालय ने निर्माता के आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए याचिका का निपटारा कर दिया।
फिल्म पहले 20 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। हालांकि, सेंसर प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा में निर्माताओं ने इसकी रिलीज टाल दी है। नई रिलीज तारीख प्रमाणन मिलने के बाद घोषित की जाएगी। फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। इसमें सनी देओल के साथ रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी हैं। इस फिल्म को लेकर राजस्थान उच्च न्यायालय में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से दायर एक अलग याचिका भी लंबित है।
