cricket-aus-end-odi-result

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में 97 रनों से हराकर 2-1 से जीती सीरीज

दिल्ली

होबार्ट (ऑस्ट्रेलिया), 18 नवंबर । इंग्लैंड ने बुधवार को होबार्ट के बेलेरिव ओवल में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 97 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने बेन डकेट के शतक और विल जैक्स की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 48.3 ओवर में 328 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 46.5 ओवर में 231 रनों पर सिमट गई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। बेन डकेट और टॉम बैंटन ने पहले विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी की। बैंटन ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाए। इसके बाद जो रूट 12 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान हैरी ब्रुक भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जॉर्डन कॉक्स ने 12 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड ने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा, लेकिन यह प्रयोग सफल नहीं रहा और वह सिर्फ सात रन बना सके।

दूसरी ओर बेन डकेट ने एक छोर संभाले रखा और अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 115 गेंदों पर 133 रनोे की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वह 39वें ओवर में आउट हुए। इसके बाद विल जैक्स ने इंग्लैंड को 300 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने 48 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाए। सैम करन ने 19, गस एटकिंसन ने 10 और लियाम डॉसन ने तीन रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक एडवर्ड्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके। मैट रेनशॉ को तीन विकेट मिले, जबकि कूपर कोनोली, ट्रेविस हेड और जेवियर बार्टलेट ने एक-एक विकेट हासिल किया।

329 रनोे के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 34 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। ट्रेविस हेड 4 रन, कप्तान मिचेल मार्श एक रन और जोश इंग्लिस 14 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद मैट रेनशॉ और एलेक्स कैरी ने पारी को संभालने की कोशिश की। रेनशॉ ने 55 रन बनाए, जबकि कैरी के बल्ले से 37 रन निकले। कूपर कोनोली ने 29 और जैक एडवर्ड्स ने 31 रन का योगदान दिया। जेवियर बार्टलेट ने 16 और स्पेंसर जॉनसन ने 15 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 46.5 ओवर में 231 रनों पर ऑलआउट हो गई।

इंग्लैंड की ओर से सोनी बेकर ने चार विकेट हासिल किए, जबकि लियाम डॉसन ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। गस एटकिंसन और कप्तान हैरी ब्रुक को एक-एक विकेट मिला।