two-arrested-for-smuggling-gan

उड़ीसा से गांजा तस्करी करके एनसीआर में बेचने वाले दो गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद

उत्तर प्रदेश

नोएडा, 18 नवंबर । उड़ीसा से गांजा तस्करी करके एनसीआर में बेचने वाले गैंग के दो बदमाशों को थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आज एक संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 170 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।

पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बुधवार काे बताया कि थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा एक संयुक्त अभियान के तहत आज इरफान पुत्र बशीर और आसिफ पुत्र सगीर को अंबेडकर पार्क के सामने से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास ट्रक से एक ट्रक में भरकर रखे हुए 177 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा पुलिस ने बरामद किया है। यह गांजा एक ट्रक में भरकर आरोपी ला रहे थे। उन्होंने बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया गिरफ्तार अभियुक्त इरफान व आसिफ मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। इरफान गाड़ी का मालिक है तथा ड्राइविंग का काम करता है, तथा आसिफ ट्रक में हेल्पर का काम करता है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये लोग बरामद गांजा उड़ीसा प्रांत से तस्करी करके गुरुग्राम लेकर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने टूल बॉक्स के पास एक कैविटी बनाकर (जो की बिल्कुल डीजल टैंक जैसी प्रतीत हो रही थी) उसमें गांजा छुपा रखा था। ये लोग पूर्व में असम प्रांत की पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं।