dl-lc-manjinder-sirsa-saurabh-bhardwaj

सौरभ भारद्वाज के खिलाफ मनजिंदर सिरसा ने दायर की आपराधिक मानहानि याचिका

दिल्ली

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर । दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज समेत तीन नेताओं के खिलाफ आपराधिक मानहानि याचिका दायर की है। एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विनोद जोशी ने मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को करने का आदेश दिया।

इस मामले में गुरुवार को मनजिंदर सिंह सिरसा ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और कुलदीप कुमार के लगाए गए आरोप निराधार और उनके परिवार की प्रतिष्ठा के खिलाफ हैं। सिरसा ने कहा कि ये नेता इससे पहले भी इसी तरह के निराधार आरोप लगाते रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने मनजिंदर सिंह सिरसा पर गुरुद्वारे की गुल्लक के पैसों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था और उन्हें “गुल्लक चोर” कहा था। सिरसा ने कोर्ट में कहा कि सिख धर्म में गुल्लक का बेहद पवित्र स्थान है और इस तरह के शब्दों से उनकी सामाजिक व धार्मिक प्रतिष्ठा को भारी ठेस पहुंची है। इन नेताओं ने सिरसा पर दिल्ली के गरीबों के लिए आने वाले करीब 22 हजार करोड़ रुपये मूल्य के सब्सिडी के चावल को हरियाणा की एक निजी कंपनी को बेचने का आरोप लगाया था।