चम्पावत, 18 अक्टूबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में करीब 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने चम्पावत के प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने, न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने और जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैम्बर, पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण करने के साथ 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत की 16 परियोजनाओं में 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 परियोजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। विकास का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये की लागत का जल निकासी प्लान तैयार किया गया है। दूरस्थ क्षेत्रों में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को ध्यान में रखते हुए पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस धनराशि से स्थानीय जरूरतों के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य किए जा सकेंगे। उन्होंने न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की।
वहीं, जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने एसोसिएशन में अधिवक्ता चैम्बर, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति तथा मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय और मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।_________
