interacted-with-women-prisoner

महिला आयोग की सदस्या ने नूंह महिला जेल का किया निरीक्षण

हरियाणा

नूंह, 15 अक्टूबर । हरियाणा महिला आयोग की सदस्य वैशाली तोमर ने गुरुवार काे नूंह में महिला बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल प्रशासन से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और महिला बंदियों से सीधे बातचीत कर उनके खानपान, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं, योगाभ्यास तथा परिजनों से बातचीत की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। महिला बंदियों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

वैशाली तोमर ने कहा कि हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रिया दर्शनी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार यह निरीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि महिला बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने के साथ उपलब्ध व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की भी जांच की गई।

उन्होंने बताया कि महिला बंदियों को नियमित चिकित्सा जांच, स्वच्छता और उचित भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना आवश्यक है। नवरात्र के अवसर पर जेल में पूजा-पाठ सहित धार्मिक गतिविधियों की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि बंदियों को अपनी आस्था के अनुसार धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिल सके।

वैशाली तोमर ने कहा कि जेलों सहित विभिन्न संस्थानों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाना जरूरी है। इससे व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का पता चलता है और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी आती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

महिला आयोग की सदस्य ने लोगों से अपील की कि वे क्रोध और आवेश में आकर ऐसा कोई निर्णय न लें, जिसके कारण उन्हें जीवनभर पछताना पड़े। उन्होंने कहा कि जेल जाना किसी भी व्यक्ति के लिए सुखद स्थिति नहीं होती। इसलिए समाज में जागरूकता, आपसी सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना जरूरी है। युवाओं को अपने व्यवहार और निर्णयों के प्रति जिम्मेदार रहते हुए कानून का पालन करना चाहिए तथा बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।