हरिद्वार, 14 अक्टूबर । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में 12 से 14 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें डिजिटल प्रक्रिया, आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर जोर दिया गया। ये ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे।
14 अक्टूबर को प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता से कार्य करें।
प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल से आंकड़े जुटाएंगे, जबकि निगरानी सीएमएमएस पोर्टल से होगी। फील्ड कार्मिकों को पर्याप्त तकनीकी प्रशिक्षण देने और बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने आश्वस्त किया कि निर्देशों का गंभीरता से पालन होगा।
जनपद में सभी विभागों के बीच समन्वय कर प्रशिक्षण से लेकर मैदानी कार्य तक की व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मो. मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह, मीना नेगी, अमीर आलम, नीरज कुमार, शिवम कुमार सहित निदेशालय देहरादून के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
