गुरुग्राम, 10 अक्टूबर । स्थानीय पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन हथियारबंद बदमाशों को शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से 136 ग्राम एमडीएमए, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और खाली खोल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार नौ अक्टूबर की रात को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद युवक लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने बाइक भगाने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने लगातार छह गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और एक गोली एक पुलिस कर्मचारी की बाजू पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को काबू कर लिया। घायल पुलिसकर्मी और दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में तीनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। इनमें से फूल बाबू शेख पर एनडीपीएस एक्ट के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। मार्फत पर लड़ाई-झगड़ा, चोरी, जाली करेंसी और एनडीपीएस के चार केस, फूल बाबू पर एनडीपीएस के दो केस और श्रीकुल पर एनडीपीएस का एक केस दर्ज है। पुलिस ने थाना सेक्टर-65 में जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
