औरैया, 09 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली, छठ पर्व और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) के मद्देनजर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। आदेश 8 अक्टूबर से 15 नवंबर तक जनपद के संपूर्ण क्षेत्र में प्रभावी रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 11 अक्टूबर से नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा, 20 अक्टूबर को दशहरा, 8 नवंबर को दीपावली और 15 नवंबर को छठ पर्व मनाया जाएगा। इसके अलावा 25 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और 1 नवंबर को पीईटी-2026 परीक्षा प्रस्तावित है। इन आयोजनों और परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
निषेधाज्ञा के तहत बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों पर जुलूस और सभा आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा। शव यात्राओं को इससे छूट दी गई है। रेल और सड़क यातायात बाधित करने, धार्मिक स्थलों में शस्त्र लेकर प्रवेश करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी। सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना ड्रोन कैमरे का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। सुरक्षा एजेंसियों को इससे छूट दी गई है।
धार्मिक स्थलों, व्यावसायिक एवं शैक्षिक संस्थानों, न्यायालयों और परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। लाउडस्पीकर के लिए संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति जरूरी होगी। बिना अनुमति पटाखे और विस्फोटक पदार्थ एकत्र करने पर भी रोक रहेगी। दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला में अश्लील गाने बजाने, सड़क पर प्रतिमा स्थापित कर यातायात बाधित करने तथा बिना अनुमति मूर्ति स्थापना पर प्रतिबंध रहेगा। कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी और न ही जुलूस के लिए नए मार्ग अपनाए जाएंगे।
प्रशासन ने मंदिरों में साफ-सफाई, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और फायर हाइड्रेंट की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, शॉपिंग मॉल और होटलों की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
