नई दिल्ली, 25 सितंबर । बैंकिंग, तेल एवं गैस तथा वाहन कंपनियों में निचले स्तर पर खरीदारी आने से सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 315 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी में 77 अंक की सुधार आया।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 315.20 अंक यानी 0.43 फीसदी की उछाल के साथ 73,895.74 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 77.40 अंक यानी 0.34 फीसदी बढ़त के साथ 23,140.50 के स्तर पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 73,968.05 अंक के ऊपरी और 73,477.77 अंक के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स के 19 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 11 शेयर गिरकर बंद हुए। इसी तरह एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी के 34 शेयर बढ़त और 15 गिरावट में बंद हुआ है, जबकि एक शेयर स्थिर रहा।
सेंसेक्स में शामिल प्रमुख कंपनियों में से एक्सिस बैंक का शेयर सबसे अधिक 2.82 फीसदी चढ़ा, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.24 फीसदी, एशियन पेंट्स में 1.93 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.21 फीसदी, एचसीएल टेक में 1.17 फीसदी और टाइटन में 1.01 फीसदी की बढ़त रही। ट्रेंट का शेयर 1.41 फीसदी गिरा। इसे अलावा इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील के शेयरों में भी गिरावट रहे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.10 फीसदी गिरकर 105.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एशिया के अन्य शेयर बाजारों में शामिल जापान का सूचकांक निक्की बढ़त में रहा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। चीन और दक्षिण कोरिया के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोपीय शेयर बाजार बढ़त के रुख के साथ कारोबार कर रहे थे।
